फोटो -- पेज तीन के लिए
योगी जी! यह कैसा सुशासन
दिव्यांग रेप पीड़िता हारी और जीते ‘दु:शासन’
तीन बार एसएसपी कार्यालय के काट चुकी थी चक्कर, आत्मदाह की भी की कोशिश
एसएसपी ने जताई थी नाराजगी, मीरगंज इंस्पेक्टर को लगाई थी फटकार
अमर उजाला ब्यूरो
मीरगंज। रेप पीड़िता की खुदकुशी के बाद पति उसकी लाश के पास रो-रोकर छह माह पहले घर में घुसकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी, प्रधान पुत्र पवन कुमार सिंह और शंकर, जगदीश, सुभाष पर ही खुदकुशी के लिए मजबूर करने का इल्जाम लगाता रहा। उसने कहा कि अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटकर उनकी चप्पल घिस गईं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
रेप पीड़िता ने 18 दिन पहले एसएसपी दफ्तर में शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की थी। पुलिस कर्मियों ने मिट्टी के तेल की शीशी छीनकर आत्मदाह की कोशिश को नाकाम कर दिया था। महिला ने एसएसपी के समक्ष पेश होकर आरोप लगाया था कि छह माह पहले घर में घुसकर गैंगरेप करने और एफआईआर लिखाने आ रहे पति-पत्नी को थाना गेट के पास घेरकर लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर देने के पांचों नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। मुकदमा वापस न लेने पर जान से मार डालने की धमकियां भी देते हैं। थाना पुलिस शिकायत पर भी भारी राजनीतिक दबाव के चलते आरोपी जिला पंचायत सदस्य समेत पांचों नामजदों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़िता ने कहा था कि वह तीन बार पहले भी एसएसपी कार्यालय के चक्कर काट चुकी है। हर बार आश्वासन दिया जाता है, लेकिन कभी कार्रवाई नहीं होती है।
अरेस्ट स्टे ले आए थे आरोपी
एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मीरगंज सीओ, थानाध्यक्ष को कड़ी फटकार भी लगाई थी। हालांकि इसके बाद एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने जांच फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को सौंपी थी। उधर, एसएचओ दलवीर सिंह की दलील थी कि जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी और प्रधान पुत्र पवन कुमार सिंह हाईकोर्ट से अरेस्ट स्टे ले आए थे, लिहाजा उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका। बाकी तीनों आरोपियों को पुलिस काफी पहले गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पति करता था पीड़िता की पिटाई
एसपी (देहात) ख्याति गर्ग ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने पुलिस के सामने अंदेशा जाहिर किया है कि पति इस वारदात के पीछे हो सकता है। इन ग्रामीणों के मुताबिक, पति रेप पीड़िता की पिटाई करता था। तीन दिन से उसके घर से आवाजें आ रही थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।