डीएम पिंकी जोवल को व्हाट्सऐप पर लवली ग्रुप में जोड़कर अश्लील पोस्ट डालने वाला राजकुमार उर्फ राजू को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो शातिर राजू पुलिस को भी गुमराह करता रहा। शुरुआत में वह इंकार करता रहा कि वह इस ग्रुप का एडमिन नहीं है। खुद को साबित करने के लिए उसने एक की पैड वाला मोबाइल भी पुलिस के सामने रख दिया। पुलिस ने की पैड वाला मोबाइल जांचा तो उसमें उसी नंबर का सिम कार्ड मिला, जिस नंबर से लवली ग्रुप में अश्लील पोस्ट डाली गई थी। पुलिस युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। देर रात तक युवक पुलिस को बातों में फंसाता रहा फिर उसने कबूला कि व्हाट्सऐप ऑपरेट करने वाले स्मार्ट फोन को बहेड़ी स्थित उसने दोस्त के घर पर छुपा दिया है। इतना ही नहीं, दोस्त के कंप्यूटर से भी वह व्हाट्सऐप ऑपरेट करता था। पुलिस ने दबिश देकर स्मार्ट फोन को बरामद कर लिया है। राजकुमार को पुलिस ने गुरुवार को जेल भेज दिया।
बीकॉम का छात्र है राजकुमार
बता दें कि डीएम पिंकी जोवल को व्हाट्सऐप के एक ग्रुप में शामिल किया गया। डीएम ने खुद को व्हाट्सऐप ग्रुप से बाहर किया तो दोबारा उन्हें शामिल कर दिया गया। इसके बाद ग्रुप में कई अश्लील मैसेज, तस्वीर और वीडियो पोस्ट किए गए। पुलिस ने बहेड़ी के इटउआ धरा गांव में दबिश देकर राजकुमार को गिरफ्तार किया है। राजकुमार ने बताया कि वह बीकॉम अंतिम वर्ष का छात्र है। डीएम के स्टेनो की तरफ से कोतवाली में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया।