बरेली। ट्रांसफार्मर में लगी आग की चिंगारी ने फर्नीचर गोदाम के बाहर पड़े जूट को चपेट में ले लिया। सिकलापुर में हुई इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड का फोन भी नहीं लगा। वहीं, रायफल क्लब के पास खेतों में आग लग गई लेकिन रास्ता न होने से वहां तक फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच सकी।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे सिकलापुर में शिव फोम हाउस के गोदाम के पास ट्रांसफार्मर में आग लग गई। ट्रांसफार्मर जलने लगा तो लोगों ने फायर स्टेशन को सूचना देने का प्रयास किया लेकिन फोन नहीं लगा। इस बीच ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से फोम हाउस के बाहर एक रिक्शे में रखे जूट में आग लग गई। घने इलाके में आग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। जूट के पास ही गद्दे भी रखे थे। मगर, फोम हाउस के कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड का इंतजार किए बिना ही अग्निशमन सिलिंडर से आग बुझा दी। कुछ ही दूरी पर स्थित फायर स्टेशन से गाड़ी को वहां तक आने में करीब एक घंटा लगा। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने ट्रांसफार्मर की आग पर काबू पाया। इसके अलावा रायफल क्लब के पास भी झाड़ियों में आग लग गई। रास्ता संकरा होने के चलते वहां तक फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच सकी।