तिलहर (शाहजहांपुर)। नेशनल हाईवे पर सोमवार रात मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ददरौल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिनेश पाल सिंह उर्फ मुन्ना ने फायरिंग कर दी। पुलिस टीम के लोग बाल-बाल बच गए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
एसआई विनोद कुमार ने बताया कि सोमवार रात 9:30 बजे हाईवे स्थित नगरिया मोड़ पुलिस चौकी पर गांव कल्याणपुर बंथरा निवासी ज्ञानेश्वर सिंह ने आकर बताया कि गांव बंथरा निवासी ददरौल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिनेश पाल सिंह, निर्देश कुमार सिंह व दीपक उनके ट्रैक्टर चालक सुनील के साथ रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के सामने मारपीट कर रहे हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने पुलिस टीम व ज्ञानेश्वर के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। सभी बाल-बाल बच गए। फायरिंग से मेडिकल कालेज के आसपास अफरातफरी मच गई।
इसके बाद सीओ मंगल सिंह रावत के नेतृत्व में तिलहर व थाना कटरा की पुलिस फोर्स पहुंची। फोर्स देख पूर्व ब्लॉक प्रमुख अपने साथियों के साथ गाड़ी से भाग गया। पुलिस ने रात तीन बजे तक आरोपी की धरपकड़ के लिए क्षेत्र की नाकाबंदी करके तलाशी ली लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए।
पुलिस ने ज्ञानेश्वर सिंह की ओर से पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिनेश पाल सिंह मुन्ना, निर्देश कुमार सिंह व दीपक पर धारा 364, 307, 504 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं थाने के एसआई विनोद कुमार सिंह की ओर से तीनों के खिलाफ धारा 307, 332, 353, 504 व 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।