किला क्षेत्र में विवादित मकान पर लिंटर डालने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने विरोध कर रहे पक्ष की महिला को पीट दिया। उसे धक्का देकर ईंटों के ढेर पर गिरा दिया, जिससे वह जख्मी हो गई। महिला ने किला थाने में तीन लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है।
किला क्षेत्र के मोहल्ला कंघी टोला निवासी मतीन खां की पत्नी इशरत ने बताया कि उसके मकान पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं, जिसका लंबे समय से विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार को महफून, दानिश और ताबिश ने लिंटर डालने की कोशिश की। इसका विरोध करने पर उसकी पिटाई कर ईंटों के ढेर पर धक्का दे दिया गया। जिससे वह जख्मी हो गई। महिला ने थाने पहुंचकर तीनों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई। इसके अलावा मढ़ीनाथ निवासी जगदीश ने सिटी स्टेशन के पास धर्मशाला में रहने वाले बंटी, कल्लू और विक्की के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए एनसीआर दर्ज कराई है।
इधर, बारादरी इलाके के पीलीभीत रोड स्थित आकांक्षा इन्क्लेव निवासी यासमीन जहां ने सौरभ खन्ना व उसकी पत्नी निशी खन्ना समेत चार लोगों के खिलाफ थाने में एनसीआर दर्ज कराई है। यासमीन का कहना है कि बच्चों के विवाद में चारों ने उसकी पिटाई की। यासमीन का कहना है कि सौरभ ने कॉलोनी के पार्क पर झोपड़ी डालकर कब्जा कर लिया है। तेरह अगस्त को उसके बच्चे पार्क में खेलने गए तो सौरभ ने गालियां देकर उन्हें भगा दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।