फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहीद दरोगा के आश्रितों को 50 लाख की सहायता

Fri, 24 Jun 2016 01:23 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं/बरेली। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बदायूं में बुधवार की रात बदमाशों से मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिस उप निरीक्षक सर्वेश कुमार यादव के आश्रितों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। लखनऊ में गुरुवार को सीएम ने शरीद दरोगा के परिवार को असाधारण पेंशन व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी एलान किया। आईजी, डीआईजी समेत बदायूं पुलिस के सभी कर्मचारी शहीद के परिवार की मदद में एक दिन का वेतन देंगे। 
विज्ञापन

इस बीच सूत्रों के मुताबिक मुठभेड़ में घायल बदमाश कल्लू की हालत गंभीर है। उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में दाखिल किया गया है। उसके पैरों में गोलियां लगी हैं। बताया जाता है उसके एक पैर में गोलियां फंसी हैं लेकिन पुलिस ने अभी इसके आपरेशन की इजाजत नहीं दी है। 
पहले एटा जिला प्रशासन ने शहीद दरोगा के परिवार को बीस लाख की सहायता देने की बात कही थी, लेकिन पिता के सीएम को बुलाने और भाई की एक करोड़ रुपये आर्थिक सहायता की मांग पर मारहरा के सपा विधायक अमित गौरव ने मुख्यमंत्री से फोन पर वार्ता की। इसके बाद डीएम अजय यादव और एसएसपी अजय शंकर राय ने परिवार को 50 लाख रुपये आर्थिक मदद और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की। उधर, मुठभेड़ के बाद फरार हुए बदमाश नन्हे और ऋषिपाल दूसरे दिन भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। एसपी सिटी के नेतृत्व में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार सीओ के साथ 12 पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का मानना है कि मुठभेड़ के बाद फरार दोनों बदमाश भी घायल हैं। पुलिस टीमें पूरे इलाके में कांबिंग कर रही हैं। आंवला, फरीदपुर और शाहजहांपुर के गढ़िया रंगीन में भी टीमों को भेजा गया है। उधर, गुरुवार को घट बहेटी गांव छावनी बना रहा। कई घरों की पुलिस ने तलाशी ली।
विज्ञापन

बुधवार की रात घट बहेटी गांव में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दरोगा सर्वेश यादव शहीद हो गए थे और दो सिपाही घायल हुए थे। मुठभेड़ में जख्मी बदमाश कल्लू को पुलिस ने दबोच लिया था। उससे पूछताछ के बाद पुलिस का पूरा फोकस फरार बदमाशों की गिरफ्तारी पर है। खुद आईजी विजय मीना और डीआईजी आशुतोष कुमार कांबिंग टीमों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गुरुवार को पुलिस ने चंदौरा, बिनावर, शेरगंज, बिसरइया, घटपुरी, विजय नगला, तिसरा, रसूलपुर गांवों में चप्पे-चप्पे पर बदमाशों की तलाश की।
पुलिस का मानना है कि फरार हुए दोनों बदमाश भी घायल हैं। ऐसे में वे ज्यादा दूर नहीं जा सकते। इसलिए रातभर पुलिस की सर्च आसपास के गांवों में चली। रास्ते में एक बदमाश की चप्पल भी पड़ी मिली। पुलिस की एक टीम आंवला भी भेजी गई, उसको भी बदमाशों का सुराग नहीं मिला।
रात को खंगाले निजी नर्सिंग होम
पुलिस का मानना था कि दो बदमाश मुठभेड़ में घायल हुए हैं। इस आशंका पर शहर भर के प्राइवेट अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लीनिकों पर पुलिस ने जाकर पड़ताल की कि कहीं कोई गोली लगने से घायल बदमाश तो इलाज नहीं करा रहा। पुलिस को यहां भी सफलता नहीं मिली। 
फरार बदमाशों पर पांच-पांच हजार का इनाम
कल्लू यादव ने अपने साथियों के नाम बिनावर थाने के गांव रसूलपुर निवासी नन्हे और बरेली के थाना फरीदपुर निवासी ऋषिपाल बताए हैं। दोनों की गिरफ्तारी पर डीआईजी रेंज आशुतोष कुमार ने पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। सभी बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। अब तक पता लगा है कि इनके खिलाफ बदायूं के साथ बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और मुरादाबाद में भी लूटपाट के मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन

एसपी सिटी के नेतृत्व में चार सीओ के साथ पुलिस की 12 टीमों को लगाया गया है। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-आशुतोष कुमार, डीआईजी रेंज बरेली
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें