शाहजहांपुर। बंदी रक्षक के आवास के बाहर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। इससे कॉलोनी में दहशत फैल गई। इस घटना के बाद फायरिंग करने वाले भाग गए। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली।
जिला कारागार के सामने बनी आवासीय कॉलोनी में बंदी रक्षक विनय पांडेय रहते हैं। मंगलवार को परिवार के लोग घर के अंदर मौजूद थे, तभी करीब नौ बजे कुछ लोग दरवाजे पर आए और ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। इससे कॉलोनी के लोग दहशत में आ गए और विनय भी घबरा गए। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी जेल अधीक्षक राकेश कुमार, जेलर जेपी दुबे व स्टाफ के अन्य लोगों को दी। जब तक अधिकारी मौके पर पहुंचे, तब तक फायरिंग करने वाले फरार हो चुके थे। मामले की जानकारी सदर कोतवाली को दी गई। सूचना पर सदर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामनरेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी कर फायरिंग करने वालों का सुराग लगाकर जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया। पुलिस ने बंदी रक्षक से जानकारी की कि हाल-फिलहाल में उनका किसी से कोई विवाद तो नहीं हुआ था। इस पर उन्होंने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। पुलिस अब पुराने अपराधियों पर नजर रख रही है, जो हाल-फिलहाल जमानत पर छूटे हैं। एसपी डा. एस चन्नपा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। फायरिंग की बात सही है। बंदी रक्षक ने इस आशय की तहरीर दी है, लेकिन इसके पीछे कोई कारण नहीं बताया है। मामला गंभीर है इसकी जांच करा कार्रवाई की जाएगी।