दुर्गानगर में खरीदारी को निकली शिक्षिका का पर्स छीनकर भागे उचक्कों को पब्लिक ने दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया। थाना बारादरी में घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इज्जतनगर में मुंशीनगर निवासी शिक्षिका सरला दीक्षित पति आनंद दीक्षित के साथ सोमवार शाम खरीदारी के लिए दुर्गानगर आई थीं। बाजार में खरीदारी के दौरान ही बाइक पर आए दो उचक्के उनका पर्स छीनकर भाग निकले। उन्होंने शोर मचाया तो लोग दौड़ पड़े। कुछ आगे जाकर दोनों को घेरकर पकड़ लिया। पहले तो दोनों की जमकर पिटाई की, फिर पुलिस को सौंप दिया। शिक्षिका का पर्स भी बरामद हो गया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम रोहित और बबलू निवासी दुर्गानगर बताए हैं। शिक्षिका के पति की तहरीर पर थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।