इंदिरानगर में एक निर्माणाधीन मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा दूसरी मंजिल पर सरिया चढ़ाने के दौरान हुआ। आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। गंभीर रूप से झुलसे दोनों मजदूरों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक दूसरे मजदूर की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
सीबीगंज का रहने वाले खुर्शीद और प्रदीप शनिवार सुबह इंदिरानगर में पानी की टंकी के पास दो मंजिला निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे दूसरी मंजिल पर सरिया चढ़ाने के दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से सरिया छू गई। इससे दोनों करंट की चपेट में आ गए। उनके कपड़े तक जल गए। साथी मजदूरों ने दौड़कर ठेकेदार को सूचना दी। दोनों को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान प्रदीप की मौत हो गई। प्रदीप के घरवालों ने उसकी मौत पर कुछ देर हंगामा भी किया लेकिन बाद में शव को लेकर घर चले गए।