एपल के सेल्स एरिया मैनेजर विवेक की लखनऊ में हत्या के आरोपी सिपाहियों पर कार्रवाई के विरोध में एसएसपी ऑफिस के एक सिपाही ने फेसबुक पर बगावती टिप्पणी की थी। इस पर एसएसपी मुनिराज जी. ने उसे लाइन हाजिर कर दिया था। शनिवार को एडीजी प्रेमप्रकाश ने इस पर नाराजगी जताई तो एसएसपी ने सिपाही को सस्पेंड कर दिया। सिपाही की पोस्ट पर कमेंट करने वालों की भी जांच शुरू हो गई है।
विवेक तिवारी की हत्या के मामले में सिपाही प्रशांत चौधरी और संदीप के खिलाफ कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को प्रदेश भर में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हुआ था। डीजीपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए निलंबन और लाइन हाजिर करने की कार्रवाई कराई थी। बरेली में भी बगावत के सुर उठे थे। एसएसपी ऑफिस में ही तैनात सिपाही नीरज माथुर ने फेसबुक पर पोस्ट लिखी कि अब समाज नहीं, परिवार और अपनी सुरक्षा करनी है। इसके अलावा प्रशांत और संदीप पर कार्रवाई के विरोध में वीडियो आदि शेयर किए। मामला जानकारी में आने पर शुक्रवार को एसएसपी ने नीरज को लाइन हाजिर कर दिया। शनिवार को एडीजी ने इस कार्रवाई को पर्याप्त न मानते हुए उसे सस्पेंड करने के आदेश दिए। इसके बाद एसएसपी ने सिपाही को सस्पेंड कर दिया।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक व्यक्ति की गलती नजरअंदाज करने पर दूसरों की आदत भी खराब होती है। एसएसपी को निर्देश देकर सिपाही को सस्पेंड करा दिया गया है। - प्रेमप्रकाश, एडीजी