पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर रेलवे स्टेशन और ट्रेन को बम से उड़ाने की धमकी दिए जाने के बाद पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस की टीमें जंक्शन की ओर दौड़ पड़ीं। पूरे परिसर में छानबीन कर विस्फोटक तलाशने का प्रयास किया। सीबीगंज स्टेशन पर एक मालगाड़ी को रोककर भी चेकिंग की गई। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड के साथ एलआईयू के अधिकारी भी दौड़ लगाते रहे। दो घंटे की मशक्कत के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली तोअधिकारियों ने राहत की सांस ली।
जंक्शन परिसर में कोतवाली इंस्पेक्टर गीतेश कपिल, सीओ एलआईयू यशवंत सिंह बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड के साथ बृहस्पतिवार दोपहर 1:30 बजे पहुंचे थे। उनके मुताबिक रेलवे स्टेशन और ट्रेन को बम से उड़ाने का इनपुट मिला था जिसके बाद चेकिंग अभियान चलाया गया। उन्होंने पार्सल हाउस, टिकट विंडो, बाइक स्टैंड, पूछताछ केंद्र सहित पूरे परिसर को छान मारा। आटो वालों को भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आने पर सूचना देने के लिए कहा गया। दोपहर 3:30 बजे तक अभियान चलाये जाने के बावजूद पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। पुलिस की चेकिंग देखकर यात्री भी अनहोनी की आशंका के चलते असहज दिखाई दिए।
सीबीगंज थाने की पुलिस ने इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह पवार की अगुवाई में जांच की। यहां भी बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड पहुंचा था। सीबीगंज रेलवे स्टेशन के आस-पास परिसर और रेलवे ट्रैक आदि की जांच की गई। दोपहर में करीब एक बजे से शुरू होकर तीन बजे तक चली। इस दौरान सीबीगंज रेलवे स्टेशन पर कोई भी एक्सप्रेस या पैसेंजर ट्रेन नहीं रुकी थी, केवल मालगाड़ी रोकी गई। जिसकी जांच की गई। लेकिन पुलिस को कोई विस्फोटक नहीं मिला।