बरेली। टाइल्स लगाने का काम करने वाले राम सनेही के मुताबिक पौने दो लाख रुपये की बकाएदारी में उन्हें कंपनी बाग पर घेरकर 50 हजार रंगदारी मांगी गई। उनकी तहरीर पर कोतवाली में व्यापारियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कैंट के गांव बुखारा में रहने वाले राम सनेही के मुताबिक वह टाइल्स लगाने का काम करते हैं। विनायक एसोसिएट की फर्म में पार्टनर अमिताब वीरेंद्र अस्थाना, श्वेतांक अस्थाना और उनके भांजे सिद्धार्थ अस्थाना सिविल लाइंस में रहते हैं। अमिताब की फर्म से संबंधित एक भवन में 5 लाख 31 हजार रुपये का काम मार्च 2017 से 15 अगस्त 2018 के बीच किया था। इसमें 3 लाख 60 हजार रुपये मिल गए हैं। बाकी एक लाख 71 हजार रुपये के लिए तकाजा किया, लेकिन मिले नहीं। 20 जनवरी की शाम करीब छह बजे कंपनी बाग के पश्चिम वाले गेट के सामने सड़क पर घर बाइक से जा रहे थे। अमिताब आदि कार से आ गए। मोटर साइकिल पर भी कुछ बदमाश थे। उन्होंने गिरेहबान पकड़कर धमकी दी कि तेरी कच्ची गृहस्थी है। बहुत बड़ा ठेकेदार बनता है। रुपया मांगा तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे। अगर ठेकेदारी करनी है तो पचास हजार रुपये रंगदारी देनी होगी। वहां से गुजरने वालों ने बदमाशों के चंगुल से उन्हें छुड़ाया।