कांट(शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव रावतपुर में पुलिस ने छापा मारकर गोकशी करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों के कब्जे से जिंदा सात गाय व गोकशी करने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई हिंदू संगठन से जुड़े एक नेता की शिकायत पर अधिकारियों की फटकार के बाद की है।
गांव रावतपुर में कुछ लोगों ने गोकशी करने के लिए गायों को इकठ्ठा कर रखा था। इस बात की जानकारी किसी ने हिंदू संगठन से जुड़े नेता से कर दी क्योंकि इससे पहले उसने पुलिस को भी शिकायत की लेकिन पुलिस ने उसकी बात को अनसुना कर दिया। हिंदूवादी नेता ने उच्चाधिकारियों को मोबाइल पर कॉल करके जानकारी दी, तब थाना पुलिस हरकत में आई और गांव पहुंचकर छापा मारकर एक मकान में गोवंशीय पशुओं को काटने के लिए तीन लोग मौजूद थे, पुलिस को देखकर उन लोगों ने भागने की कोशिश की तो पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में रावतपुर निवासी गुफरान, लाला, वाशिद शामिल हैं। पुलिस ने इन लोगों के कब्जे से सात जिंदा गाय व गोकशी करने के काम आने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पकड़े गए लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम आदि धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।