फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदमाशों का धावा, नकदी समेत लाखों का ले गए माल

विज्ञापन
विज्ञापन
रोजा (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव बहादुरापुर और अहमदनगर मेें सोमवार रात बदमाशों ने पांच घरों में धावा बोल दिया। इनमें चार घरों से नकदी, जेवर समेत करीब ढाई लाख का सामान बटोर ले गए। इस दौरान घरों में जाग हो जाने पर बदमाशों ने मकान मालिक सहित परिजन को लाठी डंडों से पीटा। इस घटना में तीन लोगों को अधिक चोटें आईं। घटना को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने बाग में घेर लिया लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल राजकुमार और शिवराज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बाबू राम को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
विज्ञापन

गांव बहादुरापुर निवासी महिपाल अपने बेटे रामजी, अमन, रमन व पुत्रवधू गीता के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे बदमाश किसी तरह से उनके घर में दाखिल हो गए और यहां कमरे में रखे बड़े बक्से के अंदर से गीता का छोटा बक्सा निकाल लिया और छत पर ले जाकर आराम से बक्से के अंदर से गुलशन पट्टी, पायल, कुंडल, खडुआ चोरी कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने मलिखान के घर को निशाना बनाया। मलिखान भी पत्नी कुसुमा, बेटे अक्षय, अशोक, अनुज व पुत्रवधू मालती के साथ घर में सोए हुए थे। घर में घुसे बदमाशों ने कमरे से बक्सा निकाल लिया और छत पर ले जाकर बक्से के अंदर से 10 हजार रुपये की नकदी, गुलशन पट्टी, झाले, हंसली आदि जेवर खंगाल लिया। यहां से निकलकर बदमाशों ने बाबूराम और राजकुमार के घर को निशाना बनाया। दोनों मकानों में बदमाश एक साथ घुसे। बदमाशों ने राजकुमार के घर से उसकी बहन के बेटे सरोज की शादी के लिए बनवाए गए जेवर गुलशन पट्टी, झाले, पायलें, कुंडल, लर और 40 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। राजकुमार की पत्नी आरती के कानों से कुंडल नोंचे, तभी उसकी आंख खुलने के साथ ही चीख निकल गई, इतने में राजकुमार जाग गए और एक बदमाश को पकड़ लिया, तभी साथी बदमाशों ने राजकुमार को पीट दिया। बेटे सुनील, अमन, बेटी ममता, निशा ने शोर मचाया तो वह लोग भाग गए। वहीं बाबूराम के घर बदमाश बक्से को खंगाल रहे थे, तभी खटपट की आवाज सुनकर बाबूराम की आंख खुल गई। उसने एक बदमाश को पकड़ा तो अन्य बदमाशों ने उसके सीने पर ईंट से वार कर उसे बेदम कर दिया।
परिवार में पत्नी सोमवती, पुत्र अनगपाल, पुत्रवधू पुष्पा के शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। यहां से बदमाश कुछ नहीं ले जा पाए। यहां से निकलने के बाद बदमाशों ने दो किलोमीटर दूर अमदनगर गांव में लगभग 1:30 बजे शिवराज के घर धावा बोल दिया। बदमाशों ने यहां से बक्सा उठा लिया, इसी बीच खटपट की आवाज सुनकर शिवराज की पौत्री सुनहरी जाग गई, उसने शोर मचाया तो शिवराज की आंख खुल गई और उसने एक बदमाश को पकड़ लिया, तभी अन्य बदमाशों ने उसकी गर्दन दबा दी। इतने में पत्नी रूपा और बेटे कौशल ने शोर मचा दिया। जाग होने पर बदमाश बक्सा लेकर भाग गए। बक्से में पैंडल, खडुआ, तीन साड़ी, 10 हजार रुपये की नकदी निकाल कर बक्सा खेत में फेंक दिया। सूचना पर यूपी 100 पुलिस और थाना पुलिस भी गांव पहुंची, लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए।
विज्ञापन


25 से 30 की उम्र के थे बदमाश
ग्रामीणों के मुताबिक बदमाशों की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के करीब थी, वह सभी सामान्य कद काठी के था और पैंट शर्ट पहने हुए थे। ज्यादातर बातें इशारों में कर रहे थे।

असलाह जमा हैं तो कैसे करें फायर
दो गांवों में बदमाशों के घुसने के बाद जागे ग्रामीणों ने भाग रहे बदमाशों को दौड़ाकर गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर एक बाग में घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर यूपी 100 और थाना पुलिस ने ग्रामीणों से भी फायर करने को कहा। इस पर ग्रामीण बोले कि उनके पास कोई असलाह नहीं है, जो लाइसेंसी असलाह थे भी वह चुनाव की वजह से जमा हो गए।
बहादुरापुर और अहदमनगर में बदमाशों के आने की सूचना मिली है लेकिन अभी तक ग्रामीणों की ओर से मामले की तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि बदमाशों की सुरागरसी की कोशिश की जा रही है।
विज्ञापन

सुरेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष रोजा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें