बरेली। बिथरी चैनपुर पुलिस ने सोमवार शाम एक ईंट भट्ठे पर छापा मारकर दो ट्राली डोडा बरामद किया है। पुलिस भट्ठा मालिक समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार शाम बिथरी चैनपुर के पास ही ईंट भट्ठे पर दबिश दी। पुलिस की गाड़ियां पहुंचते ही यहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने भाग रहे लोगों को दौड़ाकर पकड़ लिया। दो ट्रैक्टर ट्राली में बोरियों के अंदर भरा करीब सात क्विंटल डोडा बरामद किया है। पुलिस भट्ठा मालिक समेत पांच लोगों को भी थाने ले आई। सूचना पर एसपी सिटी अभिनंदन सिंह भी थाने पहुंच गए। देर रात पुलिस बंद कमरे में आरोपियों से पूछताछ में जुटी थी। बताते हैं कि एक साल पहले इलाके में यह भट्ठा खुला था और डेढ़ महीने से भट्ठा मालिक ने यहां डोडा का धंधा शुरू कर दिया था। सूत्रों का कहना है कि सुभाषनगर में अफीम तस्करों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में एसपी सिटी को बिथरी में चल रहे इस धंधे का सुराग मिला था। उनके निर्देश पर टीम ने ईंट भट्ठे पर छापा मारा तो डोडा पकड़ा गया।