बरेली। कक्षा सात में पढ़ने वाली भतीजी पर बुरी नीयत रखने वाले रिश्ते के चाचा ने शादी का कार्ड देने के बहाने दरवाजा खुलवाया और उसके साथ अश्लीलता की। छात्रा के शोर मचाने पर वह धमकी देता हुआ भाग निकला। पीड़िता की मां ने रिश्ते के चाचा समेत दो के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
अलीगंज क्षेत्र निवासी एक महिला अपनी बेटी के साथ बारादरी थाना क्षेत्र में किराये पर रहती हैं। उनके पति मानसिक मंदित हैं। उनकी बेटी राजेंद्रनगर के स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। महिला के मुताबिक, बेटी ने दस दिन पहले रिश्ते के चाचा द्वारा स्कूल और कोचिंग आने-जाने के दौरान पीछा करने की बात कही थी। उन्होंने रिश्तेदारी में शिकायत की, लेकिन आरोपी की हरकतें लगातार जारी रहीं। पीड़िता की मां ने फोन करके आरोपी को समझाना चाहा तो उसने गाली-गलौच किया। इसकी रिकार्डिंग भी उनके पास मौजूद है। रविवार वह बेटी को घर में छोड़कर कहीं गई थीं। आरोप है कि इसी बीच रिश्ते का चाचा एक अन्य साथी के साथ उनके घर पहुंचा। शादी का कार्ड देने के बहाने दरवाजा खुलवाया और बेटी को अकेला पाकर उससे छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर वह धमकी देते हुए भाग निकला। मां के वापस पहुंचने पर छात्रा ने आपबीती बताई तो उन्होंने थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।