धोपा मंदिर से शनिदेव की मूर्ति चोरी, पुलिस ने यमराज की लगवा दी
पुजारी मौनी बाबा ने पुलिस पर लगाया भक्तों को गुमराह करने का आरोप
कैंट थाने में मूर्ति चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस लाई थी प्रतिमा
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। कैंट के धोपा मंदिर से शनि देव की मूर्ति चोरी हो गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कैंट थाना पुलिस ने विवाद की स्थिति टालने के लिए आनन-फानन में नई प्रतिमा लाकर स्थापित करा दी लेकिन जल्दबाजी में पुलिस शनिदेव के बजाय यमराज की प्रतिमा ले आई। मंदिर में यमराज की प्रतिमा स्थापित होने पर पुजारी मौनी बाबा ने नाराजगी जताते हुए पुलिस पर भक्तों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
पुजारी मौनी बाबा के मुताबिक सोमवार रात धोपामंदिर से कोई खुराफाती शनिदेव की मूर्ति चोरी कर ले गया। मूर्ति चोरी होने की सूचना मिलने पर कैंट थाने के दो सिपाहियों ने मंदिर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने रात में ही मूर्ति बनाने वालों से संपर्क किया और एक मूर्ति लाकर मंदिर में स्थापित करा दी। मंगलवार सुबह पुजारी और भक्त मंदिर में पहुंचे तो मूर्ति बदली हुई थी। भक्तों ने पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी लेकिन जब उनका ध्यान मूर्ति पर गया तो शनिदेव के स्थान पर यमराज की प्रतिमा देख हंगामा खड़ा हो गया। पुजारी ने आरोप लगाया कि पुलिस भक्तों को गुमराह कर उनसे यमराज की पूजा करा रही है।
पुलिस की लिखा पढ़त में हुआ खेल
कैंट थाने पर लिखा पढ़त में पुलिस ने खेल कर लिया। रिपोर्ट में दिखाया गया कि 14 मई की रात में मूर्ति गायब होने की सूचना पर चीता पुलिस पहुंची थी। जब 15 मई को दोबारा पुलिस ने मंदिर जाकर देखा तो मूर्ति अपनी जगह स्थापित हो चुकी थी। किसी अज्ञात व्यक्ति ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए ऐसा किया है।
कोड ---
पुलिस ने शनिदेव मूर्ति चोरी होने के बाद जल्दबाजी में यमराज की मूर्ति स्थापित कर है। भैंसा वाहन के साथ यमराज की पूजा होती है। पुलिस भक्तों से शनिदेव की जगह यमराज की पूजा कराना चाहती है। - बृजेश नाथ उर्फ मौनी बाबा, धोपामंदिर
यह प्रकरण जानकारी में आया है। कैंट थाने में रिपोर्ट भी दर्ज हुई है। मूर्ति गायब होने के बाद दूसरी मूर्ति लगी मिली है। मूर्ति बदलने जैसी कोई बात जानकारी में नहीं है। अगर ऐसा है तो जांच करा ली जाएगी। - कुलदीप कुमार, सीओ प्रथम