आखिरकार मोबाइल चोर पर हुई एफआईआर
तीन साथियों के नाम खोलकर पुलिस उनकी तलाश कर रही
भोजीपुरा। नेताओं के हस्तक्षेप के बाद भोजीपुरा पुलिस ने एक मोबाइल चोर के खिलाफ लिखा-पढ़ी करके उससे छह स्मार्ट फोन बरामद दिखाए हैं। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए तीन और नामों के प्रकाश में आने की बात भी कही है। अधिकारियों के दबाव के बाद जिन बदमाशों को नेताओं के कहने पर छोड़ा गया, उनकी धरपकड़ के लिए दबिश दी गईं, लेकिन सभी का फरार होना बताया गया है।
गांव खितौसा में नर्तकी का स्मार्ट फोन चोरी होने के मामले में एक किशोर का नाम सामने आने पर उसे पकड़ा गया था। इसके बाद चोरी के मोबाइल की ईएमआई बदलने और ऐसे मोबाइल खरीदने वाले तीन और युवकों को पुलिस ने पकड़कर उनसे नौ मोबाइल बरामद किए थे, लेकिन कुछ नेताओं के दबाव में मंगलवार को पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। अब इज्जतनगर थाने से एसआई चरण सिंह राणा ने भोजीपुरा थाने पहुंचकर लॉकअप में बंद मोबाइल चोरी के आरोपी से गहनता से पूछताछ की। बृहस्पतिवार को एसएसआई मनोज कुमार ने भोजीपुरा बाजार से त्रिवेंद्र गंगवार उर्फ मोनू निवासी चमरौआ थाना भोजीपुरा को गिरफ्तार दिखाया है।