प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के लिए होमगार्डों के प्रस्तावित बैठक अब रमजान के महीने के चलते टाल दी गई है। डीएम पिंकी जोवल और एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने होमगार्डों की नेताओं से बातचीत की। जिसके बाद तय हुआ कि अब यह सम्मलेन 27 जून के बाद आयोजित किया जाएगा।
दरअसल होमगार्डों की ऑल इंडिया एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी भगत बरेली में प्रदेश कार्यकारिणी गठित करने के लिए आने वाले थे। इस सम्मेलन से पहले ही रमजान में लॉ एंड आर्डर बिगड़ने के अंदेशे के चलते एसएसपी ने हस्तक्षेप करके आयोजन स्थगित करवाया। कार्यक्रम टलने के बाद एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने वायरलेस पर सभी थानों के प्रभारियों को सख्त निर्देश दिये कि थानों में होमगार्डों के आमद के समय पर मीटिंग करके उन्हें ड्यूटी पर मौजूद रहने के लिए कहा जाए। कोई भी होम गार्ड कलेक्ट्रेट की तरफ नहीं जाएगा। उन्होंने वायरलेस पर कहा कि जिस थाना क्षेत्र से होमगार्ड के आने की पुष्टि होती है उसका थाना प्रभारी निपट जाएगा।