बरेली। भाजपा नगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया के भाई की कार से बैग उड़ाने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके पास चोरी का मोबाइल और नकदी बरामद हुई। यह वारदात करीब आठ महीने पहले सेंट्रल जेल के सामने हुई थी। इस वारदात में एक अन्य युवक शामिल रहा था, जिसकी पुलिस को तलाश है।
उमेश कठेरिया के भाई पुराना शहर कटरा चांद खां मोहल्ले में रहने वाले अमित कुमार आरकेस्ट्रा चलाते हैं। 30 अगस्त 2018 को अजमेर जाते समय वह इज्जतनगर इलाके में सेंट्रल जेल के सामने कुछ खरीदने के लिए रुके। अमित अपनी कार रोड किनारे खड़ी करके पत्नी समेत एक दुकान पर चले गए। उन्होंने लौटने पर देखा तो कार का शीशा टूटा हुआ और उसमें रखा बैग गायब था। बैग में सोने के एक जोड़ी टाप्स, 25 हजार रुपये और मोबाइल था। अमित ने बैग चोरी होने की रिपोर्ट थाना इज्जतनगर में दर्ज कराई गई थी। इज्जतनगर पुलिस ने सर्विलांस की मदद से घटना का खुलासा कर आरोपी को दबोच लिया। इज्जतनगर इंस्पेक्टर मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि इस वारदात को अंजाम बारादरी इलाके के हजियापुर मोहल्ला निवासी फैजान खान उर्फ बंटी पुत्र अकबर ने दिया था, जिसे शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से अमित का चोरी गया मोबाइल और पांच सौ रुपये बरामद हुए। रविवार को आरोपी फैजान को जेल भेज दिया गया। इस वारदात में हजियापुर का ही उसका एक साथी भी शामिल रहा था, जिसे पुलिस तलाश रही है।