बरेली। बारादरी थाना पुलिस ने एक बार फिर चौंकाने वाला काम किया है। जगतपुर में एक दुकान के विवाद में दुकान मालिक ने आधी रात में ताले तुड़वाकर माल चुरवा दिया। चतुर किराएदार ने भी रात में ही पुलिस से एक वाहन में माल ले जाते दो लोगों को पकड़वा दिया। बुधवार को पीड़ित की तहरीर कई बार बदलवाई गई और फिर पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में आर्थिक समझौते के बाद दुकान खाली कर दी गई।
जगतपुर में मदीना शाह कब्रिस्तान के पास सकलैनी टेलर एंड क्लॉथ मर्चेंट के नाम से रबड़ी टोला के नजमी की दुकान है। नजमी ने मंगलवार रात दो बजे यूपी 100 व कांकरटोला चौकी प्रभारी को सूचना दी कि उनकी दुकान के ताले तोड़कर दो वाहनों में कुछ लोग माल भरकर ले जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से एक वाहन को पकड़ लिया जिसमें दुकान का सामान भरा था। इसमें दो लोग भी थे। पुलिस इन्हें बारादरी थाने ले आई। यहां पीड़ित पक्ष से सुबह आकर तहरीर देने को कह दिया। दिन भर चली उहापोह के बाद चोरी का शोर मचा रहे नजमी और उसके परिजनों ने अपने मोबाइल फोन ही बंद कर लिए। पुलिस ने इसे किराएदार और मकान मालिक का आपसी विवाद बताकर कोई कार्रवाई न करने की बात कही।
नजमी ने पहले ये बताई थी कहानी
नजमी के मुताबिक 24 साल से वह एग्रीमेंट के तहत दुकान के किराएदार हैं। इसके बावजूद मकान मालिक लगातार उसे दुकान से निकालने पर तुले हैं। आरोप है कि वह पहले धमकी देने के बाद मारपीट कर चुके हैं। चौकी पर उसे पीटकर खाली स्टांप पेपर पर दस्तखत करा लिए गए। पुलिस भी नहीं सुनती। रात को उसकी दुकान में चोरी ही कर ली। एक पिकअप में डेढ़ लाख का माल लेकर कुछ लोग भाग गए, दूसरे को पकड़वा दिया है।
ये किरायेदार और मकान मालिक का आपसी विवाद था। हाल ही में दोनों पक्षों का लिखित समझौता हुआ था कि नजमी एक अप्रैल को दुकान खाली कर देगा। उसने दुकान खाली नहीं की तो दुकान मालिक उसके सामने ही दुकान का सामान दूसरी जगह रखवा रहा था। उसने चोरी का शोर मचाया तो पुलिस इन लोगों को पकड़ लाई। दोनों पक्षों ने समझौता कर गलती मान ली तो कार्रवाई नहीं की गई।
- कृष्णवीर यादव, इंस्पेक्टर बारादरी