दौराला। शादी समारोह में गोमांस परोसने का आरोप लैब की रिपोर्ट आने के बाद झूठे निकला। पुलिस ने झूठी सूचना देने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कस्बा दौराला निवासी अफजाल ने बताया कि बीती 19 मार्च को उसकी बहन की शादी विजय फार्म हाउस में थी। आरोप है कि शादी समारोह के दौरान ब्रह्मपुरी मेरठ निवासी फुरकान नाम का युवक वहां पहुंचा और खुद को पत्रकार बताया। आरोप है कि इस दौरान उसने रुपयों की मांग की। विरोध करने पर कंट्रोल रूम में सूचना दे दी कि शादी में गोमांस परोसा जा रहा है। सूचना पर दौराला पुलिस मौके पर पहुंची। इससे शादी समारोह में व्यवधान पैदा हो गया। दौराला पशु चिकित्साधिकारी ने मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे। जांच में गोमांस की पुष्टि नहीं हुई। एसओ रितेश कुमार ने बताया कि आरोपी फुरकान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।