बरेली। महिला से मारपीट के आरोपियों ने कार्रवाई से बौखलाकर पीड़िता के घर में घुसकर उनकी नाबालिग बेटी को बाथरूम से खींचकर दुष्कर्म की कोशिश की। पुलिस से शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो महिला शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची।
हाफिजगंज थाना क्षेत्र की महिला ने एसएसपी को बताया कि तीन मार्च को दबंग यामीन और उसके कुछ साथियों ने घर में घुसकर उसे पीटा था। उसने थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इससे बौखलाकर आरोपी छह मार्च को घर में घुस आए। उसके साथ मारपीट की। किसी तरह आरोपियों से बचकर उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। बताया कि घर के बाथरूम में दरवाजा नहीं है। बेटी पर्दा डालकर नहा रही थी। आरोपियों ने उनकी बेटी को बदला लेने की नीयत से पकड़ लिया। उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी भाग निकले। एसएसपी ने थाना प्रभारी को मामले की जांच का आदेश दिया है।