बरेली। सिविल लाइन के एक नर्सिंग होम में बतौर नर्स काम करने वाली युवती को कुछ दिन से अश्लील मैसेज भेजकर एक युवक शादी का दबाव बना रहा है। नर्स को लिखे मैसेज में धमकी दी गई है कि शादी कर लो नहीं तो बदनाम कर दूंगा। नर्स ने कोतवाली में सौरभ नाम के शोहदे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
छानबीन में पता चला है कि कानपुर में पढ़ाई के दौरान नर्स का एक युवक से प्रेम-प्रसंग हो गया था, लेकिन बाद में संबंध विच्छेद भी हो गया। बरेली आने पर भी युवक ने नर्स का पीछा नहीं छोड़ा। नर्स के नंबर पर धमकी भरे अश्लील मैसेज भी आने लगे। युवक घर से नर्सिंग होम तक नर्स का पीछा भी करने लगा। 20 दिसंबर, 2018 को मामला कोतवाली पहुंचा था। महिला दरोगा प्रीति पवार ने शोहदे को बुलाकर हिदायत दी थी। साथ ही ऐसा न करने की बात भी लिखवा ली थी। नर्स का आरोप है कि इसके बावजूद सौरभ उन्हें लिखकर भेज रहा है, शादी मुझ से ही करनी पड़ेगी। ऐसा नहीं हुआ तो बदनाम कर दूंगा। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
बाजार में युवती से की छेड़छाड़
बरेली। इज्जतनगर के एक गांव निवासी व्यक्ति ने गांव के ही सलमान पर उनकी बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक बृहस्पतिवार को उनकी बेटी बाजार गई थी। सलमान भी वहां पहुंच गया और बेटी से सरेआम छेड़छाड़ करने लगा। विरोध पर उठा ले जाने की धमकी दी। आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो वह भाग गया। पिता की शिकायत पर थाना इज्जतनगर में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।