प्रेमी से ही निकाह करने और घरवालों द्वारा तय किया गया रिश्ता ठुकराने वाली बिटिया को जंजीरों से जकड़ने के आरोपी बाप को मुचलका पाबंद कर थाने से ही जमानत दे दी गई। उधर खौफ से सहमा युवती का प्रेमी घर में ही दुबका रहा।
झूठी शान की खातिर बेटी को जंजीर से बांधकर अंधेरी कोठरी में बंद करने और एक सप्ताह तक भूखा-प्यासा रखकर पिटाई करने के मामले में मीरगंज पुलिस का एक बार फिर ढुलमुल रवैया सामने आया। पहले अफसरों के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की और जब मामला सोशल मीडिया पर छाया तब आरोपी बाप नन्हे शाह को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मुचलका पाबंद कर उसे थाने से ही जमानत पर रिहा भी कर दिया। उधर, लड़की को महिला थाने से शनिवार को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। चौकी इंचार्ज कृष्ण औतार सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम लड़की को एसडीएम मीरगंज कोर्ट में पेश किया गया था, लेकिन एसडीएम ने मामला संवेदनशील मानते हुए बरेली में मजिस्ट्रेट के समक्ष ही बयान करवाने की सलाह देकर लड़की को पुलिस की अभिरक्षा में भेज दिया। वहीं, अनहोनी की आशंका से डरा युवती का प्रेमी फैसल शनिवार को भी अपने घर में दुबका रहा।
पुलिस के कदम से हैरत में लोग
बेटी से क्रूर व्यवहार करने के आरोपी बाप को थाने से ही जमानत पर रिहा कर देने के पुलिस के कदम से लोग हैरत में हैं। कई लोग दबी जुबान कहते सुने गए कि पुलिस मामूली घटनाओं में भी आरोपियों को जेल की हवा खिला देती है, वहीं बेटी को जंजीरों में जकड़कर रखने वाले बाप को मुचलका पाबंद कर थाने से ही जमानत दे देना समझ से परे है।