दिल्ली-लखनऊ रेलवे रूट पर औंध क्रासिंग के पास मंगलवार को पुलिस ने रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक की लाश बरामद की है। मृतक के दोनों हाथ पीठ की तरफ उसी की शर्ट से बंधे थे। शरीर पर चोटों के कई निशान थे। पुलिस को लूटपाट के बाद चलती ट्रेन से युवक को फेंके जाने का संदेह है। सूचना पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने छानबीन कर सुराग जुटाने की कोशिश की।
रेलवे ट्रैक किनारे लाश पड़ी होने की सूचना पर मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे पहुंचे फतेहगंज पश्चिमी के इंस्पेक्टर शिवदीन वर्मा ने मृतक युवक की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। कपड़ों की तलाशी लेने पर उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो पाती। उसकी जेबों में रुपये भी नहीं थे। युवक के सिर, पेट, पीठ, हाथ-पैरों में खरोंचों और पिटाई के निशान थे। मुंह-नाक पर खून जमा हुआ था।
छानबीन में सामने आया कि अप लाइन किनारे जहां लाश पड़ी थी वहां आसपास कई जगह खून के छींटे थे। इंस्पेक्टर के मुताबिक, हालात देखकर लगता है कि युवक के साथ ट्रेन में लूटपाट की गई है। इसके बाद बदमाशों ने उसे उसी की शर्ट से हाथ बांधकर चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया है।
टाइमिंग के हिसाब से गुजरने वाली ट्रेनों की सूची तैयार की जा रही है। संभावना है कि युवक अप लाइन पर मुरादाबाद की तरफ जाने वाली किसी ट्रेन में था। रूट के स्टेशनों पर लाश बरामदगी की जानकारी भेजी गई है। - सतीश कुमार, एसपी देहात