बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर न्यू ईयर का जश्न मना रहे युवकों ने जागेश्वर धाम जाने से मना करने पर कार ड्राइवर की पिटाई कर दी। कार में भी तोड़फोड़ की। कार चालक ने लूट का भी आरोप लगाया है। इज्जतनगर थाने में एनसीआर दर्ज कराई गई है।
हरूनगला निवासी सचिन कुमार की ट्रेवल एजेंसी है। वह खुद भी बुकिंग पर कार ले जाते हैं। सचिन के मुताबिक सोमवार रात 10 बजे प्रशांत गुप्ता ने उन्हें केसरपुर बुलाया। वहां से अपने कुछ परिचितों को बरेली छोड़ने को कहा। मुड़िया अहमदनगर के पास श्रीराम फैमिली ढाबा पर ये लोग उतरे तो चार लोग नशे की हालत में आए और जागेश्वर धाम चलने को कहा। सचिन ने उनकी हालत देखकर जाने से मना किया तो इन लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और कार में तोड़फोड़ की। आरोप है कि तमंचा दिखाकर 4800 रुपये, सोने की चेन और अंगूठी लूट ली। प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मेडिकल परीक्षण के बाद एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।
हुड़दंग पर एतराज किया तो बेटे पर हमला बोला
बरेली। बिथरी चैनपुर के त्रिकुनिया निवासी रमेश चंद्र ने सोमवार रात शराब पीकर नए साल के जश्न के नाम पर हुड़दंग कर रहे युवकों को टोका तो वे गालीगलौज करने लगे। उस वक्त आसपास के लोगों ने उन्हें घर भेज दिया लेकिन मंगलवार सुबह इनमें से एक युवक ने रमेश के बेटे मुनीश पर सरिया से हमला कर दिया। उसकी उंगली भी दांतों से चबा ली। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।