टुल्ला: केंद्रीय मंत्री से मजबूर पिता ने लगाई गुहार
शोहदे मूक-बधिर से करते हैं अश्लीलता की हदें पार
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
बोलने और सुनने में अक्षम युवती और उसकी छोटी बहन को गली के ही शोहदे निकलते-बैठते शर्मसार करते हैं। वे गली में नंगे होकर खड़े हो जाते हैं। पुलिस से शिकायत की तो पीड़ित परिवार को ही मुचलका पाबंद कर दिया गया। बेटियों को लेकर पीड़ित परिवार बुधवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के यहां पहुंचा तो भाजपा जिला उपाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने उनकी बात सुनकर एसएसपी कलानिधि नैथानी से बात की। एसएसपी के निर्देश पर इज्जतनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
भारत सेवा ट्रस्ट पहुंचे इज्जतनगर के एक गांव में रहने वाले ड्राइवर ने बताया कि उनकी एक बेटी बोलने और सुनने में अक्षम है। उसे और उससे छोटी बेटी को गली के ही दो शोहदे कई दिन से परेशान कर रहे हैं। बेटियां निकलती हैं तो वे गली में नंगे होकर खड़े हो जाते हैं और अश्लील हरकतें करते हैं। इसे लेकर शिकायत की तो आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की। इसकी रिपोर्ट इज्जतनगर थाने में दर्ज कराई गई लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय पीड़ित परिवार को भी मुचलका पाबंद कर दिया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष आदेश ने इस मामले में एसएसपी से बात की तो उन्होंने इज्जतनगर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। दोपहर में इज्जतनगर पुलिस पीड़ित परिवार के घर पहुंची और मामले की जानकारी कर लौट गई।