बदायूं। पहले अपने भाषण में खुद को ‘गुंडी’ कहकर चर्चाओं में आईं भाजपा प्रत्याशी डॉ.संघमित्रा मौर्य की जुबान फिर से फिसल गई। अब उन्होंने अपने पक्ष में फर्जी मतदान करने के लिए लोगों को उकसाया है। जिस नुक्कड़ सभा में उन्होंने अपने भाषण में यह बात कहीं है, उसका वीडियो भी वायरल हुआ है। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि यह नुक्कड़ सभा कब और कहां की है।
भाजपा प्रत्याशी ने प्रचार के अपने शुरुआती दौर में ही गुन्नौर में हुई एक सभा में गुंडों को जवाब देने के लिए यहां तक कह दिया था कि वह भी किसी ‘गुंडी’ से कम नहीं है। यह वीडियो काफी वायरल हुआ, जिसके बाद उन पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला भी दर्ज हो गया। अब शनिवार को भाजपा प्रत्याशी का एक और वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह फर्जी मतदान करने के लिए मतदाताओं को उकसाती दिख रहीं हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चा है। हालांकि वीडियो में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि वह कब का है और किस स्थान की सभा है।
क्या कहा भाजपा प्रत्याशी ने
‘एक भी वोट बचने न पाए और अगर कोई न हो तो यह हर जगह चलता है कि फर्जी पर्ची पर वोट डाल आया जाता है, मौका मिले तो वो भी फायदा उठा लीजिए। करिएगा नहीं, लेकिन मौका मिले तो, कोशिश करिएगा जिसका वोट हो उसी को ले जाकर डलवाएं, लेकिन अगर वो यहां नहीं हो तो कर सकते हैं थोड़ा बहुत, चोरी छिपे।’
वीडियो वायरल हुआ है, लेकिन इसमें यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि वीडियो का स्थान और तारीख क्या है। इसके लिए भाजपा प्रत्याशी को एक नोटिस जारी करके रविवार पूर्वाह्न 11 बजे तक जवाब मांगा गया है। यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं हुआ तो फिर आगे कार्रवाई की जाएगी।
- दिनेश कुमार सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी
ये वीडियो पूरी तरह फेक है। इसे एडिटिंग करके वायरल किया गया है। पूरी वीडियो में बदायूं का कोई आदमी दिखाई नहीं दे रहा है। ये वीडियो कहीं से उठाकर कट-पेस्ट किया गया है। विरोधियों द्वारा यह षड्यंत्र रचा गया है। अभी कोई नोटिस नहीं मिला है, लेकिन अपनी ओर से सिटी मजिस्ट्रेट के संज्ञान में दे दिया गया है।
- संघमित्रा मौर्य, प्रत्याशी, भाजपा
दावे के साथ कह सकता हूं कि वीडियो पूरी तरह फर्जी है। बैक साइड पर जो चित्र लगा है वह श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय का है। यह बैनर पार्टी की संगठनात्मक बैठकों में प्रयोग किया जाता है। आज के चुनाव के समय में तो कोई सभा बिना मोदी और योगी के पोस्टर के बिना होती ही नहीं है। यह विरोधियों की साजिश है, लेकिन वह उसमें कामयाब नहीं होंगे।
- हरीश शाक्य, जिलाध्यक्ष, भाजपा