बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभा के लिए तैयार किए गए आलमपुर जाफराबाद के सैनिक पड़ाव ग्राउंड पर शनिवार को एक बारगी फिल्म ‘पीपली लाइव’ का नजारा देखने को मिला। रैली में आने वाली भीड़ को देखकर आसपास के दुकानदारों ने भी ग्राउंड पर अपने फड़ जमा लिए थे।
फिल्म ‘पीपली लाइव’ में पात्र नत्था ने खुदकुशी करने की धमकी दी तो गांव मीडिया के आकर्षण का केंद्र बन गया और दूरदराज के लोग वहां पहुंचने लगे। आसपास के छोटे व्यापारियों ने इस मौके का फायदा उठाया और गांव में उमड़ी भीड़ के लिए ग्राउंड पर दुकानें सजा दीं। कुछ ऐसा ही नजारा शनिवार को आलमपुर जाफराबाद के सैनिक पड़ाव ग्राउंड पर नजर आया। आसपास के दुकानदार मैदान पर जमे थे, कोई धूम्रपान का सामान बेच रहा था तो कोई गर्मी में राहत के लिए खीरा-ककड़ी। लोगों की जेब के अनुसार पानी का इंतजाम था, बिस्लेरी की बोतल से लेकर पानी का पाउच तक। आइसक्रीम और चाय-समोसे के ठेले भी लगे थे।
पिता से बिछड़ गया बच्चा
रैली में उमड़ी भारी भीड़ के बीच एक करीब पांच साल का लड़का अपने पिता से बिछड़ गया। डरा-सहमा लड़का अपना नाम भी ठीक से नहीं बता पा रहा था। पहले तो पुलिस उसे लेकर इधर-उधर भटकते रही और फिर छोटे मंच पर ले गई ताकि उसका अनाउंसमेंट कराया जा सके।