पिता ने ननिहाल से किया बच्चों का अपहरण
- पत्नी की मौत के नौ साल बाद लेेने आया बच्चों को, सास को लूटा
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। पत्नी की संदिग्ध हालातों में मौत होने के नौ साल बाद एक व्यक्ति ने अपने ससुराल जाकर अपने ही बच्चों का अपहरण कर लिया। साथ ही वहां घर में रखे रुपये भी लूट लिए। परिजनों ने विवाहिता की मौत का आरोप लगाते हुए व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित की शिकायत पर थाना बारादरी में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बारादरी क्षेत्र के संजय नगर जहाज वाली कोठी के पास रहने वाली राजारानी की विवाहिता बेटी मीनू की दिसंबर 2011 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मीनू के घर वालों ने उसके पति जिला संभल के चंदोसी निवासी सुरेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जोकि मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। बेटी की मौत के बाद राजरानी बेटी के दो बच्चे आयूष और अनिधि को अपने साथ ले आई थी। उनके मुताबिक सुरेश ने कई बार बच्चों को साथ भेजने को कहा लेकिन उन्होंने मना कर दिया। कई बार रिपोर्ट वापस लेने का भी दबाव बनाया। राजारानी के मुताबिक 14 जून को उनका दामाद सुरेश अपने भाई मुकेश व दो अन्य के साथ अचानक घर पर आ गया। आरोप है कि चारों ने उन्हें घर में अकेला पाकर उनसे मारपीट की और दोनों बच्चों का अपहरण करके ले गया। साथ ही घर में रखे 17 हजार रुपये भी लूट लिए। राजारानी को अपने बच्चों के साथ को अप्रिय घटना होने की संभावना है।