नवाबगंज। बच्चों के झगड़े में दो ग्रामीणों के बीच जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें दो लोग गंभीर घायल हो गए। इसी बीच एक पक्ष ने पुलिस को गांव में फायरिंग की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पिपरा निगोही गांव के खलील अहमद और आरिफ के मकान आसपास में है। शुक्रवार को दोनों के बच्चे आपस में खेल खेल में लड़ने लगे। बाद में ग्रामीणों ने दोनों को बचाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद बच्चों ने शिकायत अपने परिजन से कर दी। जिस पर दोनों परिजन एक दूसरे को गालीगलौज कर मारपीट करने लगे। इसी बीच किसी ने पुलिस को फोन कर दिया कि गांव में गोली चल गई, जिसमें एक युवक गोली लगने से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही यूपी 100 पुलिस, कोतवाल गौरव सिंह भारी पुलिस बल और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की तो मामला मारपीट का निकला। पुलिस दोनों ग्रामीणों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
समझौतानामा लेकर पहुंचे ग्राम प्रधान को कोतवाल ने फटकारा
गांव में मारपीट की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान दोनो पक्षों में समझौतानामा लेकर कोतवाली पहुंचे तो कोतवाल गौरव सिंह ने जमकर फटकार लगा दी। पुलिस को झूठी सूचना देकर बहकाने का काम किया है, जिसके चलते उन दोनों पर कार्रवाई की जाएगी। बाद में प्रधान लौट गए।