बरेली। ब्यूटी पार्लर पर काम करने वाली किशोरी के लापता होने के महीने भर बाद अधिकारियों के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उनके मुताबिक पार्लर में चल रहे अवैध कामों के चलते उनकी बेटी का अपहरण किया गया है। एसएसपी के आदेश पर इज्जतनगर थाने में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इज्जतनगर क्षेत्र निवासी एक किशोरी करीब एक महीने से लापता है। परिजन ने बताया कि वह राजेंद्र नगर स्थित एक ब्यूटी पार्लर पर काम करती थी। 25 मई को जब वह नहीं लौटी तो उसे ढूंढना शुरू किया। उन्होंने ब्यूटी पार्लर पहुंचकर पता किया तो वहां उन्हें एक दूसरे पार्लर पर उसके काम करने की जानकारी दी गई। किशोरी की मां के मुताबिक दूसरे पार्लर से कोई जानकारी नहीं मिली। उनका आरोप है कि ब्यूटी पार्लर पर कुछ अवैध काम होते हैं जिनके चलते उनकी बेटी को अगवा कर लिया गया। बताया कि उन्हें सुभाषनगर के मोहल्ला सनइया सिठौरा निवासी एक युवती के पास से बेटी का मोबाइल मिला है। उन्होंने भाई पर भी उनसे गाली गलौज और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।