सीबीगंज। निकाह की जिद पर अड़ी युवती ने प्रेमी के घर के बाहर हंगामा कर दिया। हंगामा होने पर प्रेमी व उसके परिजन घर में ताला डालकर खिसक लिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को थाने ले आई।
मामला थाना क्षेत्र की सर्वोदय नगर कॉलोनी का है। शुक्रवार देर रात किला इलाके की रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और निकाह करने की जिद पर अड़ गई। प्रेमिका का कहना था कि उन दोनों का छह साल से अफेयर चल रहा है। जब निकाह की बात कही तो प्रेमी आनाकानी करने लगा। इससे तिलमिलाई प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। इससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। हंगामा बढ़ा तो प्रेमी और उसके परिजन घर में ताला डालकर खिसक लिए। सूचना पर पुलिस भी आ गई उन्होंने युवती को समझाने का प्रयास किया। बावजूद वह निकाह करने की जिद पर ही अड़ी रही। प्रेमी-प्रेमिका आपस में रिश्तेदार भी बताए जाते हैं। पुलिस उसे थाने ले आई लेकिन रात की वजह से उसे महिला थाने भिजवा दिया गया। शनिवार सुबह युवती फिर सीबीगंज थाने पहुंच गई और पूरे दिन वहीं डटी रही। इंस्पेक्टर राजकुमार भारद्वाज का कहना है कि युवती अपने प्रेमी से निकाह की जिद पर अड़ी हुई है। उसे समझाने की कोशिश की गई लेकिन वह कोई भी बात मानने को तैयार नहीं है। जबकि लड़का व उसके परिजन घर से फरार हैं।