बरेली। पुलिस का मानना है कि अयान की हत्या किसी करीबी ने की हो सकती है जो उसे भरोसे में लेकर चार किमी दूर नहर किनारे तक ले गया। हालांकि अयान की बहन ने साफ तौर पर उस मदरसा शिक्षक का नाम लिया जिसके खिलाफ वह पहले धोखाधड़ी की रिपोर्ट करा चुकी है। पुलिस तहरीर के मुताबिक नाम और धारा पहले से दर्ज रिपोर्ट में बढ़ाने को कह रही है।
अयान के परिवार के मुताबिक उनके पड़ोसी उनके साथ कुछ न कुछ खुराफात करते रहे हैं। कुछ महीने पहले बस्ती के ही तीन लड़के अयान के छोटे भाई को स्कूल से आते वक्त खंडहर में ले गए और उसके साथ गलत हरकत की। इससे सहमे बच्चे को लेकर थाने पहुंचे परिवार ने तहरीर दी तो कुछ लोगों ने फैसला करा दिया। अयान की बड़ी बहन इरम ने एक लाख की ठगी के मामले में 12 जनवरी 2019 को इज्जत नगर थाने में रिपोर्ट कराई थी। बताया था कि प्रेमनगर के ब्राह्मपुरा निवासी एक शख्स पहले बेसिक शिक्षक था जो बर्खास्त होने के बाद हजियापुर के एक मदरसे में पढ़ाने लगा। उसने उसे नगर निगम में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और उससे एक लाख रुपये ले लिए। फिर यह रकम हड़प ली। इसके बाद से इरम के परिवार की उससे रंजिश चल रही है। वह उन्हें बरबाद करने की धमकी दे चुका है।
पहले भी हुआ था अगवा अयान
इरम के मुताबिक कुछ महीनों पहले भी अयान लापता हो गया था। तब वह 24 घंटे बाद मिल सका। पता लगा कि पड़ोसी और उसका बेटा अयान को बहाने से घर से फर्रुखाबाद ले गए थे। साथ में अयान से उनका एटीएम कार्ड भी मंगा लिया। पता लगा कि कार्ड से करीब 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस मामले में कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। हालिया मामले में भी इरम ने इस पड़ोसी को लपेटा है।
चर्चित महिला को लेकर हो चुका है फतवा
इरम ने मदरसा शिक्षक की कथित पत्नी पर भी अयान की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। बताया है कि इस महिला के दो पतियों को लेकर हजियापुर के एक मौलवी ने फतवा भी जारी किया था। कहा था कि वह महीने के 15 दिन एक तो बाकी पंद्रह 15 दिन दूसरे पति के साथ रहेगी। आरोप लगाया कि उसके साथ हुई ठगी में भी महिला का हाथ था। वहीं गुरुवार को दिन में ही एडीजी दफ्तर गई और इरम पर गलत शिकायत करने का आरोप लगाया। महिला का आरोप है कि बहेड़ी में उसका बच्चा पति के पास है। कोर्ट ने बच्चा उसे देने का आदेश दिया था। इरम ने खुद को मानवाधिकार आयोग से जुड़ा बताकर उसका बच्चा दिलाने का आश्वासन दिया था। उसके काफी रुपये खर्च हुए पर बच्चा नहीं मिला। इस वजह से इरम उससे बैर मानती है।