बरेली/बिशारतगंज। रामगंगा से आगे चंदौसी रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात मिला शव अखा गांव के श्याम सिंह का निकला। उसकी हत्या कर शव ट्रैक पर डाला गया था। पहचान के बाद भाई ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट बिशारतगंज थाने में दर्ज कराई है। घटना में बदायूं के कछुआ तस्करों की भूमिका भी सामने आ रही है, इस तरह का क्लू मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मंगलवार रात शव पड़ा होने की वजह से एक घंटे हावड़ा अमृतसर एक्सप्रेस को रोका गया था। सुभाषनगर थाना पुलिस और जीआरपी में सीमा विवाद की वजह से ऐसा हुआ। बाद में बिशारतगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाया। देर रात ही पुलिस ने पता लगा लिया कि शव पड़ोस के अखा गांव निवासी 24 वर्षीय श्याम सिंह का था जो करगैना की एक फर्म में कर्मचारी था। अखा की प्रधान के पति विजेंद्र सिंह ने शव की पहचान के बाद परिवार को सूचना दी। तब श्याम सिंह का भाई राजीव पहुंचे। राजीव ने बताया कि वह और श्याम सिंह एक ही फर्म में काम करते थे और बाइक से साथ आते जाते थे।
मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे श्याम सिंह बाइक से अकेला घर चला गया। उसने कहा कि जरूरी काम है, आप टेंपो से आ जाना। कुछ देर श्याम सिंह घर पर रुका और आठ बजे करीब एक खाली बैग लेकर चला गया। पत्नी शिवानी को बताया कि कुछ लोगों से मिलना है। फिर रात नौ बजे मोबाइल फोन पर बात हुई तो शिवानी को बताया कि थोड़ी देर लगेगी। वहीं, प्रधान के पति का कहना था कि श्याम सिंह का रिश्ते का भाई भारत किसी को छोड़ने बाइक से अखा मोड़ पर गया तो साढ़े आठ बजे श्याम सिंह वहां बैग लेकर खड़ा था। उसने पूछा तो श्याम सिंह ने बताया कि बदायूं से कुछ लोग बीस पंजे का कछुआ लेकर आ रहे हैं। उन्हीं के इंतजार में खड़ा हूं। उन्हें शक है कि इन्हीं लोगों ने उसे न मार दिया हो। बता दें कि पिछले महीने 16 मई को ही श्याम सिंह की शादी शाहजहांपुर जिला निवासी शिवानी से हुई थी।
हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश
श्याम सिंह को मारने वालों ने हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की पर हकीकत सामने आ ही गई। एक ट्रैक पर खून और दूसरे पर शव पड़ा था। दोनों हाथ कंधों से कटे अलग-अलग लाइन पर पड़े थे। पोस्टमार्टम स्टाफ भी यह स्थिति देखकर चौंका। मृतक का मोबाइल फोन और खाली बैग भी नहीं मिला।
श्याम सिंह के शव की स्थिति हत्या जैसी ही है। उसकी जेब में ढाई सौ रुपये भी मिले जो वह घर से लेकर निकला था। ऐसे में लूट की आशंका तो नहीं रहती। हत्या किस वजह से हुई, ये पुलिस पता लगाएगी। कछुआ लेनदेन की भी चर्चा है। इसकी भी जांच की जाएगी। श्याम सिंह के नंबर की कॉल डिटेल से भी जानकारी जुटाएंगे।
- डॉ. संसार सिंह, एसपी देहात