सीबीगंज (बरेली)। सिक्योरिटी गार्डों की मौजूदगी में शरारती तत्व तीन मोटरसाइकिलों में आग लगाकर फरार हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन शरारती फरार हो चुके थे।
सीबीगंज में स्लीपर रोड स्थित कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय के पीछे आवासीय परिसर में कर्मचारियों के परिवार रहते हैं। सोमवार शाम टाइप टू बी बिल्डिंग के नीचे रामकुमार पांडेय की बुलेट और वीरेंद्र मिश्रा व रविंद्र की बाइक खड़ी थीं। देर रात शरारती तत्वों ने तीनों मोटरसाइकिल में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के आवासों में रहने वाले लोग जाग गए और पानी डालकर आग बुझाई। मगर तब तक तीनों गाड़ियां जल चुकी थीं। वहां रहने वालों का कहना था कि मोटरसाइकिलों में आग जानबूझ कर लगाई गई। तीनों मोटरसाइकिल अलग-अलग खड़ी थीं। इस बीच सीबीगंज पुलिस भी पहुंची। पूछताछ में पता लगा कि अस्पताल के मुख्य द्वार और परिसर में सिक्योरिटी गार्ड भी रहते हैं, फिर भी खुराफाती बाइक जला गए।