बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां कस्बे में पूर्व चेयरमैन के बेटे को गोली मारने के मामले में बदमाश शाहिद उर्फ लफड़ा के साथ ही उसके पिता को भी नामजद कराया गया है। भोजीपुरा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल की हालत में सुधार है। सुबह ऑपरेशन करके गोली निकाल दी गई।
पूर्व चेयरमैन स्व. सफदर खां के पुत्र 42 वर्षीय रईस मियां के साथ सोमवार रात यह घटना हुई थी। उनके भाई मोहम्मद मियां ने रिपोर्ट कराई है कि भाई ने गांव निवासी शाहिद उर्फ लफड़ा को काफी समय पहले पचास हजार रुपये उधार दिए थे। वह रुपये लौटाने में आनाकानी कर रहा था। सोमवार को जब वह अपने भाई के साथ रुपये मांगने गए तो लफड़ा के पिता कल्लू खां ने लफड़ा से कहा कि यह बहुत पैसे पैसे करता है, इसे गोली मार दे। तब लफड़ा ने भाई पर फायर कर दिया। इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि जानलेवा हमले और अमानत में खयानत की रिपोर्ट करा दी गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी पर वे फरार हो गए। ब्यूरो