बरेली। इज्जतनगर मंडल की आरपीएफ एसआईबी की टीम ने मढ़ीनाथ स्थित जनसेवा केंद्र पर संचालक को पर्सनल आईडी पर ई-टिकट बेचते हुए दबोच लिया। आरपीएफ ने रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। उधर, जंक्शन पर आरपीएफ ने दो तत्काल टिकट समेत एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को एसआईबी निरीक्षक दुर्गेश कुमार ने अपनी टीम के साथ मढ़ीनाथ स्थित अंबिका इंटरनेट एंड कंप्यूटर सर्विसेज कैफे पर दबिश दी। कैफे में ही संचालक छोटे लाल जनसेवा केंद्र भी चलाता है, जिसमें वह आधार, राशन कार्ड, पेन कार्ड आदि बनाने का काम करता है। टीम को देखते ही वह घबरा गया। सख्ती करने उसने बताया कि वह पर्सनल आईडी पर ई-रिजर्वेशन टिकट बनाकर दो से पांच सौ रुपये तक वसूलता है। टीम ने उसके पास से करीब चार हजार रुपये के चार ई-रिजर्वेशन टिकट और दो आईडी भी बरामद की हैं।
निरीक्षक दुर्गेश कुमार ने बताया कि आरोपी छोटे लाल को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सेवा केंद्र से कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर आदि बरामद किया गया है। दूसरी ओर जंक्शन पर आरपीएफ ने तत्काल टिकट ब्लैक करते हुए एक दलाल को गिरफ्तार कर लिया, उसके पास से दो तत्काल टिकट भी मिले हैं। जंक्शन के सीआईटी एके चौबे ने बताया कि आरोपी युवक बारादरी के मीरा पैठ का सर्वेश कुमार है, जिसको मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।