तिलहर (शाहजहांपुर)। कोचिंग जा रही इंटर की छात्रा को रास्ते में घेरकर मनचलों ने न सिर्फ छेड़छाड़ की, बल्कि छात्रा को जबरदस्ती मोबाइल पर अश्लील फोटो और वीडियो भी दिखाए। घर पहुंचकर छात्रा ने मां को पूरी बात बताई। परिवार वालों ने रिपोर्ट दर्ज न कराकर पहले मनचलों के घर पर शिकायत की। इससे नाराज आरोपियों ने मंगलवार रात छात्रा के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाई। छात्रा की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर एक नामजद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
नगर में एक कॉलोनी की छात्रा दातागंज मोहल्ले में एक कोचिंग में पढ़ती है। नगर के मोहल्ला घेर चौबा के मनचले फराज, रेहान, अरबास, फैज और मोहल्ला कच्चा कटरा का राजा छात्रा से अक्सर छेड़छाड़ करते थे। 23 मई को इन पांचों ने मिलकर छात्रा को पीरगाह तालाब के पास घेर लिया और छेड़छाड़ की। घरवालों ने शोहदों के घर पर शिकायत की। मंगलवार रात छात्रा के परिवार वाले बाहर गए हुए थे। रात करीब 9:30 बजे तमंचों से लैस होकर आरोपियों ने छात्रा के घर पर धावा बोल दिया। परिवार के साथ गाल-ीगलौज कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाई। जान से मारने और छात्रा की पढ़ाई छुड़वाने की धमकी देते हुए भाग गए। भागने वक्त एक बाइक भी मौके पर छूट गई। छात्रा की मां की ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज कर राजा नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से मिली बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।