बरेली। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान दो आटोलिफ्टर दबोच लिए। उनके पास चोरी की चार बाइक बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वे चोरी की बाइक नंबर प्लेट बदलकर 8 से 10 हजार रुपये में बेच देते थे।
कोतवाल पंकज वर्मा ने बताया कि चौकी चौराहा इंचार्ज वेदपाल मंगलवार को गांधी उद्यान के सामने वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान चोरी की बाइक पर दो व्यक्ति उधर से गुजर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े जाने वालों में एक देवरनियां थाना क्षेत्र के रिछा कस्बे का फईम और दूसरा बहेड़ी इलाके के बहादुरगंज निवासी जाकिर हैं। वे जिस बाइक पर सवार थे वो इज्जतनगर इलाके के कर्मचारी नगर से चोरी की थी। चोरी की बाइक दोनों बेचने जा रहे थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की तीन बाइक पुरानी जेल के पीछे एक धार्मिक स्थल के पास से बरामद कीं। पुलिस के मुताबिक आरोपी इससे पहले भी कई बाइक चोरी करके बेच चुके हैं।