अलीगंज/आंवला। अलीगंज सिरोली रोड पर स्थित हनुमान मंदिर में रखीं मूर्तियों को असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं सहित तमाम ग्रामीण इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे। मामले की सूचना पुलिस और तहसील प्रशासन को मिली तो खलबली मच गई। एसडीएम और सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और खंडित मूर्तियों को विसर्जित कराकर नई मूर्तियां स्थापित कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। मंदिर के पुजारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अलीगंज से 1 किलोमीटर आगे सिरौली रोड पर छतर सिंह ब्रह्मदेव मंदिर के पुजारी हरिओम गिरि ने पुलिस को बताया कि मंदिर में उनके कमरे का निर्माण चल रहा है। इसलिए रात में सोने के लिए पास के गांव अंतपुर चले जाते हैं। रविवार शाम वह मंदिर में बंदकर सोने चले गए। सोमवार को मंदिर परिसर में कीर्तन होता है। इस दौरान आसपास गांव के श्रद्धालु इसमें शामिल होने आते हैं। सोमवार को कीर्तन में आए श्रद्धालुओं ने खंडित मूर्तियां देखी तो सूचना भाजपा नेता को दी। मंदिर में मां दुर्गा, पूर्णागिरि माता और गेट के ऊपर लगी गणेश भगवान की मूर्ति खंडित होने की जानकारी मिलने पर भाजपाइयों के अलावा आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर एसडीएम विशु राजा, सीओ रामप्रकाश और थाना अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध कर रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष गंगा सिंह लोधी, धर्मेंद्र गुप्ता, विपिन सिंह, विकास अग्रवाल, सुधांशु पाराशरी, व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद प्रकाश गुप्ता आदि से वार्ता कर उनकी इच्छा के अनुसार खंडित मूर्तियों का विसर्जन करवाने का आश्वासन देकर नई मूर्तियां स्थापित कराने का काम शुरू करा दिया। बताया जाता है कि मंदिर में बैठक सुल्फा पीने वालों ने माहौल बिगाड़ने की मंशा से मूर्ति खंडित की है।