हाफिजगंज। भीषण गर्मी में मजदूरी करके दोपहर में घर पहुंचे युवक की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया। बरेली ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई।
हाफिजगंज निवासी इसरार अहमद का पुत्र अवरार (25) मजदूरी करते थे। मंगलवार दोपहर मजदूरी करने के बाद घर आए तो कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। बार-बार उल्टियां होने लगीं। परिजन उन्हें लेकर नवाबगंज के निजी अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर बरेली ले जाने की सलाह दी। जिस पर परिजन उन्हें एंबुलेंस से बरेली लेकर आ रहे थे कि रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन ने बताया कि अवरार की छह माह पहले ही भुता थाना क्षेत्र के गांव नवादा की तस्कीन से शादी हुई थी। मौत की सूचना पर तस्कीन रो रोकर बेसुध हो गई। इधर हलका लेखपाल महेश पाल सिंह का कहना है कि सूचना नहीं मिली फिर भी मौके पर जाकर जांच की जाएगी और रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी। ब्यूरो