बरेली/ सीबीगंज। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक मिल में चोरी से बिजली जल रही थी। सूचना मिलने पर विजिलेंस टीम ने छापा मारकर चोरी पकड़ ली। मामले में टीम प्रभारी की ओर से सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सीबीगंज थाना क्षेत्र के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में कई लोग चोरी से बिजली जलाते हैं। शनिवार रात परसाखेड़ा रोड नंबर एक स्थित मेसर्स गुरु नानक रोलिंग मिल में बिजली चोरी की सूचना विजिलेंस प्रभारी एसआई उदय प्रताप सिंह को मिली। उन्होंने टीम के साथ परसाखेड़ा जाकर छापा मारा तो ट्रांसफार्मर के पास एलटी लाइन से दो कोर की केबल डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। टीम प्रभारी के मुताबिक कटिया हटाते ही पूरी फैक्ट्री की बिजली चली गई। इससे साफ हो गया कि पूरी मिल में चोरी की बिजली जल रही थी। छापे के बाद उदय प्रताप सिंह की ओर से मिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। टीम में अवर अभियंता केएम सिंह भी शामिल रहे।