बरेली। शहर के चार लड़के कलियर शरीफ यात्रा के बाद देहरादून होकर बरेली लौट रहे थे। ट्रेन में उनका मोबाइल फोन छीना गया तो उन्होंने भाग रहे आरोपी को मौके से पकड़ लिया हालांकि उसके साथी फरार हो गए। लड़कों ने आरोपी को बारादरी पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस आरोपी पर कार्रवाई से पहले मोबाइल फोन बरामद करने में लगी है।
शहर के एजाजनगर गौंटिया निवासी आफताब, दानिश, कमल हासन और शकील कलियर शरीफ की यात्रा को गए थे। वहां से देहरादून निकल गए और शनिवार रात राप्तीगंगा एक्सप्रेस से बरेली लौट रहे थे। मुरादाबाद जंक्शन से दो किमी पहले ट्रेन में बैठे इन लड़कों में से दानिश का मोबाइल पड़ोस में खड़े लड़के ने झपट्टा मारकर छीन लिया। फिर खिड़की से बाहर फेंक दिया और खुद कोच के गेट की ओर भागा। दानिश और उसके साथियों ने देखा कि बाहर मुंह पर मास्क लगाए खड़े दो लड़के उसका मोबाइल लेकर फरार हो गए। तब दानिश और उसके साथियों ने ट्रेन से कूद रहे युवक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई की और साथ ले आए। बरेली लाकर बारादरी पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस उससे पूछताछ करके मोबाइल लुटेरों के गिरोह का पता लगा रही है। आरोपी ने अपना नाम अलीगढ़ निवासी कार्तिक कुमार बताया है। उसकी जेब से मास्क, दस्ताने भी पुलिस को मिले हैं। इंस्पेक्टर केवी सिंह ने बताया कि आरोपी से उसके साथियों और दानिश के मोबाइल के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।