बरेली। कोतवाली के बिहारीपुर करोलान में हिंदू बस्ती के बीच घर लेकर मुस्लिम युवक फंस गया है। ड्राइविंग के साथ ही अस्थाई रूप से मस्जिद में इमामत करने वाले युवक ने शुक्रवार को डीआईजी को बताया कि पड़ोसी उसे धर्म विशेष की वजह से बस्ती से निकालना चाहते हैं। उसे तरह-तरह से परेशान किया जाता है। वह अपने मकान की मरम्मत कराना चाहता है, पड़ोसी इसमें भी अड़चन बने हैं। डीआईजी ने बिहारीपुर चौकी पुलिस को मौके पर खड़े होकर मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। कहा कि ऐसी छोटी-छोटी घटना से बड़े विवाद होते हैं, पुलिस इन्हें प्राथमिकता से ले।
करोलान निवासी कमरुद्दीन ने डीआईजी राजेश कुमार पांडेय को बताया कि उसे कम कीमत में एक घर मिल गया था। इसमें वह परिवार के साथ रहता है। आसपास दूसरे समुदाय के लोग हैं। इनमें कई लोग अच्छे भी हैं पर कुछ लोग चाहते हैं कि वो मकान छोड़कर भाग जाए। ये लोग कभी उसके दरवाजे पर गुटखा थूकते हैं तो कभी गालीगलौज करते हैं। कई बार उसके घर की कुंडी बाहर से लगाकर भाग जाते हैं। घर की छत कमजोर हो गई है। वो उसे बीम लगाकर खड़ा करना चाहता है। महीने भर से पड़ोसी उसे काम नहीं कराने दे रहे। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीआईजी ने तत्काल अपने पीआरओ को बुलाया और निर्देश दिए कि बिहारीपुर चौकी प्रभारी से कहें कि वे मौके पर मौजूद रहकर मरम्मत का काम करवाएं। बताया कि कमरुद्दीन पहले भी आ चुका है पर चुनाव की वजह से पुलिस मदद नहीं कर सकी।