बरेली। नेशनल हाईवे पर बिथरी चैनपुर इलाके में रोड किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक डीसीएम घुस गई। इसमें डीसीएम चालक की मौत हो गई, जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे बरेली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में इन्वर्टिस के पास हुआ। तेज गति से दौड़ती एक डीसीएम अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि डीसीएम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक व हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे राहगीरों की सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। मगर तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। जेब में मिले कागजों के मुताबिक चालक हरियाणा के हिसार जिले के लडवा निवासी 45 वर्षीय सुरेश थे। इस बीच मौके पर पहुंची बिथरी चैनपुर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। घायल हेल्पर को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया गया।