बहेड़ी। बंदिशों ने युवती की जान ले ली, जबकि युवक भी जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है। अलग-अलग समुदाय का होने के कारण घरवालों ने प्रेमी जोड़े की शादी में रोड़ा अटकाया और मिलने पर भी पाबंदी लगा दी तो दोनों ने एक साथ जहर पी लिया। युवती की घर पर ही मौत हो गई, जबकि लड़के की भी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। लड़की के घरवाले चुपचाप उसे सुपुर्देखाक करने वाले थे, लेकिन गांव में चर्चा हुई तो पुलिस पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नजरगंज गांव के महेंद्र पाल (23 वर्ष) के पड़ोस में रहने वाली नसरीन (20 वर्ष) के साथ करीब चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे, इसलिए घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। शनिवार रात दोनों ने गांव से भागकर शादी करने की तैयारी की। दोनो अपने-अपने घर में चोरी छिपे सामान पैक करने लगे। इधर, दोनो के परिवार वालों इसकी भनक लग गई और उन्होंने उन्हें सामान पैक करते पकड़ लिया। दोनों की पिटाई की गई और घर में कैद कर दिया गया।
रविवार सुबह वह किसी तरह फिर मिले और करीब पांच मिनट तक एक-दूसरे से बातें कीं। इसके बाद दोनों ने जहर पी लिया। करीब नौ बजे नसरीन घर के आंगन पड़ी चारपाई पर गिर गई। कुछ ही देर में तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद महेंद्र के घर से चीखें सुनाई देने लगीं। उसे आनन-फानन नगर के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। उसकी हालत देख चिकित्सक ने उसे बरेली ले जाने की सलाह दी। इस पर परिवार वाले उसे बरेली लेकर चले गए।
उधर, नसरीन को चुपचाप सुपुर्देखाक करने की तैयारी होने लगी, लेकिन किसी तरह मामला पुलिस तक पहुंच गया। देर रात पुलिस गांव पहुुंची और शव कब्जे में ले लिया। इसके बाद नसरीन के पिता रमजानी ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें उसने बताया कि नसरीन का महेंद्र के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसने जहर पी लिया और उसकी मौत हो गई। महेंद्र ने भी जहर पी लिया है। इस घटना में किसी का कोई दोष नहीं है।
गांव जाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार वाले किसी पर कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं। मौके पर दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे। गांव में किसी तरह का तनाव नहीं है।
-कृष्ण मुरारी दोहरे, इंस्पेक्टर थाना बहेड़ी