बरेली। जुआरियों के पुलिस चौकी में हजारों रुपये खिलाने के बावजूद दबिश पड़ने के ऑडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी। इसी बीच जुआ की फड़ लगवाने वाले बेखौफ बदमाशों ने सुभाषनगर के व्यस्त बाजार में सरेशाम एक शिक्षक पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली शिक्षक को लगी नहीं। गुस्साये दुकानदार और मोहल्ले के लोगों ने बाइक सवार बदमाशों को लाठी-डंडे लेकर दौड़ा लिया। शिक्षक ने जिलाबदर बदमाश सत्येंद्र कुमार सिंह उर्फ शानू के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अवधपुरी में रहने वाले दुष्यंत कुमार क्यारा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। वह 25 जनवरी को शाम करीब 5:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। पीछ से बुलेट सवार बदमाशों ने गोली चला दी। लेकिन अचानक बाइक मोड़ने की वजह से शिक्षक को गोली लगी नहीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग दौड़ पड़े। बदमाश बाइक पर बदायूं रोड की तरफ भाग निकले। कुछ देर बाद एसपी सिटी अभिनंदन, सीओ द्वितीय सीमा यादव मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर सुभाषनगर हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि सत्येंद्र कुमार सिंह ने पीलीभीत में लूट की थी। कुछ हत्या के केस भी है। गैंगस्टर में नाम खोला गया था। अब रिपोर्ट दर्ज करके बदमाश की तलाश की जा रही है।
एसएसपी ने एसपी सिटी को सौंपी थी जांच
बीते हफ्ते एक ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमें जुआ की फड़ लगवाने वाले चौकी पुलिस को रोज के चार हजार रुपये देने के बावजूद दबिश पड़ने की बात कहते सुने गए। एसएसपी मुनिराज जी ने एसपी सिटी को जांच सौंपी गई। लेकिन न तो बदमाश पकड़े गए और न ही पुलिसकर्मियों के नाम ही सामने आए। दुष्यंत कुमार का कहना है कि ऑडियो वायरल होने के बाद सत्येंद्र को उनके ऊपर शक था। इसी बात से बौखलाकर उसने हमला किया है।