लखीमपुर खीरी। थाना ईसानगर क्षेत्र के गांव रामलोक निवासी जितेंद्र कुमार ने ईसानगर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी चोरों को पकड़ा था। उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया। इसके बाद भी आरोपियों को पुलिस ने छोड़ दिया। पीड़ित ने सीओ धौरहरा को शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने और दोषी पुलिस वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
गांव रामलोक निवासी जितेंद्र कुमार ने सीओ धौरहरा को शिकायती पत्र देकर बताया कि नौ जनवरी की रात उसके घर चोर घुस आए और एक मोबाइल, एक बैग, 20 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी पायल, दुकान की चाभी आदि सामान चोरी कर ले गए थे। चोरी करते समय खटपट होने की आवाज सुनकर वह जाग गया था। टार्च की रोशनी में उसने चोरों को देखकर पहचान लिया था। इसके बाद पीड़ित ने यूपी 100 को सूचना दी। यूपी 100 पुलिस ने आरोपियों को उनके घर से पकड़ लिया। कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद हुआ। दो दिन तक पुलिस आरोपियों को हवालात में बैठाए रखी। तहरीर लेने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और आरोपियों को छोड़ दिया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों को एक सत्तापक्ष के नेता का संरक्षण प्राप्त है। इसलिए पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने सीओ से रिपोर्ट दर्ज कराने और जांच कर दोषी पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच में यदि सत्यता पाई जाती है, तो कार्रवाई की जाएगा।
श्रेष्ठा ठाकुर, सीओ धौरहरा